पटना:
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) के बीच लगातार जुबानी जंग जारी है। एकबार फिर प्रशांत किशोर ने सीएम पर हमला बोला है। चुनावी रणनीतिकार ने सीएम को बड़ी चुनौती दी है। उन्होंने कहा है कि अगर बीजेपी से मतलब नहीं तो फिर उनके सांसद राज्यसभा उपसभापति पद क्यों नहीं छोड़ देते? बता दें कि बीते दिन प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार के BJP से संपर्क (Nitish Kumar is in contact with BJP) रखने का दावा किया है।

ट्विटर हैंडल से किया ट्वीट
प्रशांत किशोर ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा कि नीतीश कुमार जी अगर आपका भाजपा, एनडीए से कोई लेना-देना नहीं है तो अपने सांसद को राज्यसभा के उपसभापति का पद छोड़ने के लिए कहें। उन्होंने आगे यह भी सुझाव दिया कि आपके पास हर समय दोनों तरीके नहीं हो सकते।
BJP के साथ जा सकते हैं नीतीश-प्रशांत किशोर
जनसुराज पदयात्रा के दौरान पश्चिम चंपारण के भेड़ीहरवा पंचायत में कहा था कि नीतीश कुमार कभी भी BJP के साथ जा सकते हैं। साथ ही ये भी कहा है कि BJP ने उनके लिए अभी पूरी तरीके से दरवाजा बंद नहीं किया है। सीएम भले इन दिनों RJD के साथ हैं, लेकिन वह कभी भी BJP के साथ जा सकते हैं और वह लगातार BJP के संपर्क में है। उन्होंने कहा कि आप नीतीश को मुझसे ज्यादा नहीं जानते होंगे। आपने उसे 2015 में वोट दिया तो वो आपको ठग कर 2017 में भाग गए। फिर आपने उन्हें 2020 में वोट दिया तो फिर उन्होंने 2022 में अपना खेमा बदल लिया। ये फिर आपको ठग कर निकल जाएगा। प्रशांत ने ये भी कहा कि मुझे कुछ आए चाहे ना आए चुनाव लड़ाना तो अच्छे से आता है।

पब्लिसिटी के लिए ये सब कर रहे हैं
प्रशांत किशोर के इस बयान पर नीतीश कुमार ने पलटवार करते हुए इन सभी बातों को खारिज किया है। उन्होंने प्रशांत किशोर के इस बयान को पब्लिसिटी के लिए बयान बाजी कहा है। सीएम ने कहा कि वो (प्रशांत किशोर) प्रचार के लिए कुछ भी बोलते हैं। हमें इन सब चीजों से फर्क नहीं पड़ता है। सीएम ने ये भी कहा था एक वक्त था जब वो प्रशांत किशोर को मानते थे। लेकिन जिन लोगों को मैंने इज्जत दी वो आज क्या-क्या बोलते रहते हैं।